पीली बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार साले-बहनोई को रौंद दिया। साले की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में नहीं ली। इसकी भनक अस्पताल पहुंचे मृतक के घरवालों को लगी, तो उनका गुस्सा फूटा पड़ा। ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ड्राइवर को पकड़े जाने की मांग करते हुए घरवालों के साथ ग्रामीणों ने शव का पंचनामा भी नहीं भरने दिया। पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। कोतवाल ने ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए जाने का ग्रामीणों को भरोसा दिलाया, तब कहीं जाकर शव को उठाने दिया गया।
हादसा शनिवार सुबह करीब आठ बजे बमनौसी रोड पर गोशाला के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव धमेई निवासी शिशुपाल का 22 वर्षीय पुत्र राजीव यादव अपने बहनोई कादरचौक क्षेत्र में गांव भुड़िया के जितेंद्र सिंह (25) पुत्र राजवीर के साथ बाइक से भुड़िया को चला। बाइक जितेंद्र चला रहा था। सामने से पीली बालू लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार साले-बहनोई को चपेट में ले लिया। राजीव ट्रैक्टर के पहिया के नीचे आ गया। जबकि जितेंद्र टक्कर लगते ही दूर जा गिरा। राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर ट्रैक्टर-टॉली को मौके पर ही छोड़ कर भाग गया। पीली बालू को अचौरा क्षेत्र से खनन करके लाया जा रहा है।
राहगीर की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राजीव के शव और घायल जितेंद्र को प्राइवेट वाहन से अस्पताल पहुंचा दिया। हालत गंभीर बताते हुए जितेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताते हैं कि पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेने के लिए गोशाला के पास पहुंची तो उसे कुछ भी नजर नहीं आया। यह बात अस्पताल में मृतक के घरवालों को पता लगी तो उन्होंने पुलिस कर्मियों को पंचनामा नहीं भरने दिया। पुलिस को घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। कोतवाल देवराज राठी ने दोपहर में ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लेने का भरोसा दिलाया तो ग्रामीणों का गुस्सा शांत पड़ा। पुलिस ने मृतक के पिता की ओर से ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पिछले महीना हुई थी राजीव की शादी
उझानी। सड़क हादसे में मृत धमेई के राजीव यादव की शादी दो जून को बरेली में करगैना के ऋतु यादव के साथ हुई थी। उसकी हथेली की मेहंदी का रंग फीका भी नहीं पड़ा कि कुदरत ने उसके मांग का सिंदूर पोछ दिया। मायके में ऋतु को पति की मौत की सूचना मिली तो वह रोते- बिलखते घरवालों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। वह शव देख गश खाकर गिर पड़ी। राजीव के वृद्ध पिता शिशुपाल और छोटे भाई जुगेंद्र का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।