जीना का दरवाजा तोड़कर दुकान में घुसे चोर
शहर के नेहरू चौक बाजार में हुई वारदात
शहर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू चौक स्थित बाजार में चोरों ने शनिवार रात एक थोक व्यापारी के गोदाम से लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। चोर जीना की दरवाजा तोड़कर दुकान में घुसे थे। खबर मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज कराने को अभी तहरीर नहीं दी गई है।
शहर के लालपुल इलाके में रहने वाले योगेश साहू की नेहरू चौक पर थोक का गोदाम है। यहां गुटखा, सिगरेट आदि की थोक बिक्री होती है। शनिवार रात चोर गोदाम की छत पर चढ़े। इसके बाद जीने के दरवाजे को तोडने के बाद चोर दुकान में घुस गए। यहां से सिगरेट, गुटखा नगदी आदि समेत करीब पांच लाख रुपये का माल साफ कर दिया। रविवार सुबह योगेश दुकान पर पहुंचा तो चोरी के बारे में पता लगा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। इंस्पेक्टर कोतवाली मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-----
नगदी समेत दो लाख का माल ले गए चोर
वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव लाड़पुर में चोरों ने शनिवार रात गांव के श्रीराम के घर से नगदी समेत करीब दो लाख रुपये का माल साफ कर दिया। शनिवार रात श्रीराम अपने परिवार के साथ घर की दूसरी मंजिल पर सोया हुआ था। रात में किसी वक्त चोर उसके घर में घुस गए। चोरों ने यहां से 74 हजार रुपये नगदी, 70 किलो मेंथा आयल और जेवर आदि समेत करीब दो लाख रुपये का माल साफ कर दिया। सुबह होने पर श्रीराम को चोरी के बारे में पता लगा। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। मामले में पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।