म्याऊं-दातागंज रोड पर रविवार सुबह हादसा
म्याऊं-अलापुर रोड पर रविवार सुबह अज्ञात ट्रक की टक्कर से द्वारिका प्रसाद नाम के बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए गांव के लोगों ने रोड जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक रोड जाम रहा। बाद में पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझा कर जाम खुलवाया। मामले में मृतक के पुत्र नेत्रपाल की तहरीर पर अज्ञात ट्रक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अलापुर थाने के गांव अगेसी निवासी द्वारिका प्रसाद (75) रविवार सुबह अपने घर से खेत के लिए निकले थे। म्याऊं-दातागंज रोड पर उनको यात्री सेड के पास तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। हादसे के बाद चालक मय ट्रक के भाग निकला। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने वाक्या देखा। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। मृतक के परिवार वाले भी खबर सुनकर आ गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम लगाकर ट्रक की शिनाख्त कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे।
सूचना मिलने पर हजरतपुर पुलिस मौके पर आ गई। समझा-बुझा कर गांव के लोगों को शांत किया गया। पुलिस ने मृतक के पुत्र नेत्रपाल की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है।
----
पेड़ गिरने से एम-एफ हाइवे पर लगा जाम
अलापुर। कस्बे में रामलीला मैदान के बाद मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर पेड़ गिर गया। एक विद्युत पोल पर टूट गया। इससे करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पेड़ हटाकर यातायात को चालू किया जा सका।