थाना क्षेत्र के गांव टिटौती में संदिग्ध हालात में अपर्णा नाम की विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसकी हत्या करने के बाद शव फांसी के फंदे पर लटका दिया। हालांकि, पोस्टमार्टम में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। मायके वालों के आरोप के मद्देनजर बिसरा भी प्रिजर्ब किया गया है।
शाहजहांपुर जिले के थाना खुदागंज के गांव चरखौला निवासी सतेंद्र सिंह ने अपनी बेटी अपर्णा (23) की शादी करीब नौ महीने पहले बिनावर थाने के गांव टिटौली निवासी विजेंद्र के बेटे राजेश के साथ की थी। सतेंद्र का आरोप है कि ससुराल दहेज में कार की मांग कर रहे थे। उसने दहेज में बाइक दी थी। कार की मांग पूरी न होने पर ससुराली अपर्णा को प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार की रात ससुरालियों ने अपर्णा की हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटका दिया। उनको फोन पर खबर दी कि अपर्णा ने खुदकुशी कर ली है।
सोमवार सुबह मायके वाले टिटौली पहुंच गए। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को खबर दी। खबर मिलने पर एसओ ललित मोहन सिंह मौके पर पहुंच गए। बाद में सीओ सिटी वंशराज सिंह यादव ने भी मौका मुआयना किया। मृतका के पिता सतेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने पति राजेश, ससुर विजेंद्र सिंह, जेठ रमेश और सास एबी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। राजेश और रमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अपर्णा की मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है।
-----
मायके वालों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच सीओ सिटी कर रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव मायके वालों के सुपुर्द कर दिया गया है।-ललित मोहन सिंह, एसओ बिनावर