आलू व्यापारी अमित अग्रवाल के नौकर से पांच लाख रुपये की लूट के मामले में एसपी सिटी लल्लन सिंह ने सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस के लिए घटना में शामिल बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाया है।
एसपी सिटी लल्लन सिंह ने घटना के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा से हालात का पता लगाया। उन्होंने सीओ सिटी की मॉनीटरिंग में कोतवाली पुलिस के अलावा उसहैत, कादरचौक ओर मुजरिया थाना पुलिस को भी बदमाशों तक पहुंचने को लगाया है। बोले, बदमाश जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे। एसओ उसहैत कमलेश सिंह ने पुलिस हिरासत में मौजूद संदिग्ध युवकों से भी पूछताछ की।
कोतवाल रामसूरत यादव ने बताया कि बदमाशों के भागने के जिस तरफ संकेत मिले, उस क्षेत्र के आपराधिक प्रवृति के लोगों पर भी पुलिस की नजर है। कुछेक युवकों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है। कोतवाली पुलिस की टीमें भी इलाके में गई हुई हैं। पूर्व में लूट की घटनाओं में शामिल बदमाशों के हालिया चलन का ब्योरा जुटाया जा रहा है। आलू व्यापारी की ओर से रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई है।