परिवार वालों ने लगाया ससुरालियों पर हत्या का आरोप
रिपोर्ट दर्ज नहीं, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
पत्नी को विदा कराने ससुराल आए युवक का शव रेल ट्रेक पर पड़ा मिला। उसके परिवार वालों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव फेक देने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। फैजगंज बेहटा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इधर, युवक के परिवार वालों का कहना है कि वह तहरीर लेकर थाने पहुंचे। यहां से उनको फटकार कर भगा दिया गया।
संभल जिले के थाना कुडफ़तेहगढ़ के गांव टैली निवासी मोरध्वज (26) पुत्र चंद्रपाल की शादी करीब तीन साल पहले फैजगंज बेहटा थाने के गांव दड़ेला निवासी नेमचंद्र की बेटी सुमन के साथ हुई थी। सुमन करीब एक साल से अपने मायके में रह रही थी। मोरध्वज के परिवार वालों का कहना है कि शुक्रवार को नेमचंद्र ने फोन करके मोरध्वज को दड़ेला बुलाया था। उससे पत्नी की विदा करा कर ले जाने की बात कही थी। इसके बाद मोरध्वज ससुराल पहुंचा। शनिवार दोपहर उनको खबर मिली कि मोरध्वज की लाश गांव के पास रेलवे ट्रेक पर पड़ी है।
मोरध्वज के पिता चंद्रपाल का आरोप है कि ससुरालियों ने पहले तो उसे पीटा। बाद में हत्या कर शव पटरी पर फेंक दिया। ससुराली इसे खुदकुशी साबित करना चाहते हैं। शव मिलने पर वह परिवार के साथ तहरीर लेकर फैजगंज बेहटा थाने पहुंचा। यहां से पुलिस ने उसको धमका कर भगा दिया। रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इधर, एसओ कश्मीर सिंह यादव का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि मोरध्वज ने खुदकुशी की है या उसकी हत्या की गई। मामले में पड़ताल की जा रही है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था झगड़ा
फैजगंज बेहटा। मोरध्वज और उसकी पत्नी सुमन के बीच झगड़ा चल रहा था। इसी के चलते सुमन करीब एक साल पहले अपने मायके आ गई थी। इस दौरान कई बार मोरध्वज उसे विदा कराने आया, लेकिन सुमन ने पति के साथ जाने से ही इंकार कर दिया। शुक्रवार को सुमन के पिता नेमचंद्र ने फोन करके मोरध्वज को बुलाया था। उससे सुमन को विदा कराकर ले जाने की बात कही थी। घटना के पीछे की सच्चाई तो विवेचना के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल मृतक के परिवार वाले हत्या कर शव रेल ट्रेक पर फेकने का आरोप लगा रहे हैं।