बिल्सी में हथियारों के बल पर युवक का अपहरण
- फोटो : बिल्सी में हथियारों के बल पर युवक का अपहरण
कोतवाली क्षेत्र के गांव परौली में बृहस्पतिवार की रात घर में सो रहे एक युवक का कुछ लोगों ने रंजिश के चलते अपहरण कर लिया। हथियारबंद बदमाश युवक के माता-पिता को कमरे में बंद कर गए। घर में लूटपाट भी की। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का मौका मुआयना किया। अपहरण का आरोप युवक की मृतक बहन के ससुराल पक्ष पर लगा है, जिनके खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि दहेज हत्या के मामले में समझौता न करने पर अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया है। अपहृत युवक के पिता की ओर से एक व्यक्ति को नामजद करते हुए सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस युवक का सुराग लगाने में लगी है। एसएसपी ने युवक की बरामदगी को पांच टीमें बना दी हैं।
क्षेत्र के गांव परौली निवासी रहमान पुत्र गुलशेर की ओर से कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान ने अपनी पुत्री नाजिश की शादी एक वर्ष पहले कासगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बट्टू नगर निवासी यूसुफ ठेकेदार के पुत्र वकील के साथ की थी। दहेज की मांग पूरी न होने की वजह से 27 मई 2017 को ससुराल में उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। इसमें वकील के परिवार वालों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें वकील के माता-पिता जेल में बंद है। रहमान के मुताबिक, दो दिन पहले वकील का भाई अकील कुछ लोगों के लेकर यहां आया और समझौते के लिए दबाव बनाने की कोशिश करने लगा। इससे इंकार करने पर वे लोग धमकी देते हुए चले गए। आरोप है कि इसी कड़ी में बृहस्पतिवार की रात दो बजे अकील अपने साथियों के साथ उनके घर पर आया। रहमान ने बताया कि उन्होंने उनको और उनकी पत्नी गुड्डो को शस्त्रों के बल पर एक कमरे में बंद कर दिया और 20 वर्षीय पुत्र जफर का अपहरण कर ले गए। इसके साथ ही कमरे में रखे बक्से से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी को भी लूट लिया। जाते हुए उन्होंने फायरिंग की, जिससे गांव के अन्य लोग भी जाग गए और वे रहमान के घर की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने रहमान और उनकी पत्नी को दरवाजा खोलकर बाहर निकाला, तब तक आरोपी जफर का अपहरण करके फरार हो चुके थे। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस समेत जिले अधिकारियों को हुई तो खलबली मच गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी चंद्रप्रकाश एवं एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर अपहृत की बरामदगी के लिए पांच टीमों का गठन किया। सीओ मुन्नालाल ने बताया कि घटना रंजिशन बताई गई है। पुलिस शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजेगी। सभी टीमेें आरोपियों की तलाश में दबिश देने गई हैं।