पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव मिश्र ने अपने 45 मिनट के निरीक्षण में रेलवे स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य सुंदरीकरण कार्य की तारीफ की तो खामियां मिलने पर हड़काया भी। जीएम ने स्टेशन के सुंदरीकरण के वहां पर लगाए फर्नीचर और सुंदरीकरण का पारखी नजरों से निरीक्षण किया। जीएम ने वेटिंग रूम के ट्वायलेट से लेकर कुर्सियों को भी चेक किया।
गुरुवार सवा छह प्लेटफार्म एक पहुंची जीएम स्पेशल से उतरकर जीएम सबसे पहले स्टेशन मास्टर कक्ष में पहुंचे। वहां पर स्टेशन मास्टर अहिलकार सिंह फोन पर लगे हुए थे। इससे गुस्साए जीएम ने उनसे ट्रेनों की ऑपरेटिंग के बारे में पूछा तो वह नहीं कर पाए। इस पर उन्होंने जमकर फटकार लगा दी। इसके बाद लेडीज वेटिंग रूम में पहुंचे, जहां पर उन्हें फीता काटकर शुभारंभ करना था, लेकिन कैंची न मिलने पर उनका पारा चढ़ गया। वहीं लेडीज वेटिंग रूम में फुलसाइज मिरर न मिलने पर उन्होंने रेलवे के मंडलीय अधिकारी को फटकारते हुए कहा कि 'डोंट सी इन माई इंस्पेक्शन'। इसके बाद उन्होंने स्टेशन पर अन्य कक्षों को शुभारंभ किया। साथ ही कंट्रोल रूम को बारीकी से निरीक्षण किया। वहां से रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया और उसकी मजबूती के बारे में पूछा। आश्वस्त होने पर बोले कि निर्माण कार्य बेहतर हुआ है।
इसके बाद जीएम ने टिकट खिड़की पर यात्रियों की तरह खड़े होकर वहां पर संचार के लिए लगे माइक से बातचीत की। आवाज सुनाई न देने पर उसे सही करने के लिए कहा, जिसे सही कर दिया गया। उन्होंने रिजर्वेशन टिकट घर के बारे में पूछताछ की। साथ ही फार्म भरने के लिए एक ऊंची मेज लगवाने के लिए कहा, जिससे कि लोगों को फार्म भरने में दिक्कत न हो। जीएम ने बरामदे का सुंदरीकरण किए जाने के बाद शुभारंभ नारियल कर किया।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
बदायूं। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण पीडी शर्मा, प्रमुख मुख्य इंजीनिया ओपी अग्रवाल, एसपी वर्मा, अनिल शर्मा, एसएमएन इस्लाम, आरके गुप्ता, आरसी राय, एपी सिंह, अर्चना जोशी, शोभित भटनागर, एमके सिंह, एचके अग्रवाल, डॉ. सोमई प्रसाद, एसके सिंह, एचके सिंह, एनके अंबिकेश, संजय यादव समेत इज्जतनगर मंडल के डीआरएम चंद्र मोहन जिंदल, डॉ. अरुण खुन्नू, अजय वाष्र्णेय, गौरव गुप्ता, जवाहर राम, आरसी श्रीवास्तव आदि तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
दो माह बाद बढ़ जाएंगी इस रूट पर ट्रेन
बदायूं। बरेली से कासगंज तक ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और ट्रेनों की स्पीड 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से दौड़ाने की बात कहते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव मिश्र ने पत्रकारों को बताया कि दो माह के बाद ट्रेनों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हो जाएगी। कहा कि बरेली में रामगंगा ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है, जो दो माह में पूरा हो जाएगा। इसके बाद रूट पर ट्रेनों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हो जाएगी। कहा कि नार्दर्न रेलवे ने केवल दो ट्रेनों के संचालन की अनुमति दी है।
ब्रिज का काम पूरा होने पर पूर्वोत्तर रेलवे नार्दर्न रेलवे पर आश्रित नहीं रहेगा। ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने की बात पर जीएम ने बताया कि अभी तक 75 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेने दौड़ाई जा रही हैं। अब रेलवे ट्रैक में सुधार करने के साथ ही ट्रेनों की स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी जाएगी। कहा कि जीएम स्पेशल ट्रेन 110 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आई है। उन्होंने ट्रेन को बेहतर स्पीड पर गाड़ी लाने वाले चालकों को पुरस्कृत किया।
संगठनों ने सौंपे ज्ञापन
बदायूं। इसी दौरान जीएम को सीनियर सिटीजनों ने ज्ञापन देकर रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। बदायूं क्लब के सचिव अक्षत अशेष ने उर्मिलेश पुस्तकालय का जीर्णोद्धार कराने की मांग की तो जीएम ने पुस्तकालय का जीर्णोद्धार करने के साथ ही रोजाना दो घंटे तक नियमित रूप से पुस्तकालय खुलवाने की बात कही। पंजाबी समाज सेवा समिति के अध्यक्ष नरेंद्र दुआ, अशोक नारंग, हरीश बजाज परवेंद्र सिंह और एक अन्य संगठन के सैयद इकबाल, मंगल सिंह, रामनरायन, मोहित साहू आदि लोगों ने ट्रेनों को बढ़ाए जाने की मांग की थी।
ओवरब्रिज के नीचे दोनों फाटक खुलेंगे
बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (कंछल गुट) के जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू, जिला महामंत्री प्रदीप शर्मा और उपाध्यक्ष नरेंश चंद्र शंखधार ने जीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि ओवरब्रिज के नीचे वाले रेलवे स्टेशन के दोनों फाटक खुलवाए जाएं, जिससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस पर जीएम ने फाटक खुलवाने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने रामगंगा ब्रिज निर्माण होने तक बदायूं से मथुरा तक ट्रेने संचालित किए जाने की मांग की।
पानी भरने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन
बदायूं। रेलवे स्टेशन से सटे मोहल्ला खलीलशर्की में रेलवे स्टेशन के पास का पानी भरने से लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे परेशान मोहल्लेवासियों ने इसकी शिकायत जीएम से करने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इससे पहले जीएम सैलून में बैठ चुके थे। इससे वे लोग शिकायत दर्ज नहीं करा सके। इस मौके पर अतर कली, ओमवती, माया, रामबेटी, सरिता आदि मौजूद रहीं।