दो दिन पहले उघैती थाने क्षेत्र में महिला से गैंगरेप के बाद अब कादरचौक थाना क्षेत्र में दो महिलाओं से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप यह भी है कि महिलाओं से गैंगरेप के दौरान एक महिला का भाई भी मौजूद था। आरोपियों ने उसको बंधक बना रखा था। दो महिलाओं से गैंगरेप की यह घटना 25 जनवरी की बताई जा रही है। एसएसपी के आदेश पर बुधवार को पुलिस ने दो लोगों को नामजद करते हुए पांच पर गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के दो गांवों की महिलाओं का आरोप है कि 25 जनवरी को वह नौली का बाजार करके लौट रही थीं। इनमें एक महिला का भाई भी साथ था। रास्ते में पांच लोग दोनों महिलाओं और भाई को बंधक बनाकर ईख के खेत में ले गए। वहां भाई के सामने ही दोनों महिलाओं से पांचों ने रेप किया। थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया, तो महिलाएं एसएसपी के सामने पेश हुईं। एसएसपी सौमित्र सिंह ने थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए। इस पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव बख्ती नगला निवासी पेशकार, रामखिलाड़ी को नामजद करते हुए पांच लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।