निर्धारित से अधिक रेट में खाद बेचने और निरीक्षण के दौरान अधिक स्टाक पाए जाने पर एक दुकानदार के खिलाफ कालाबाजारी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
हर साल किसानों को खाद और बीज के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्हें महंगे दामों पर ही खुले बाजार से खाद-बीच खरीदना पड़ता है। शासन ने खाद और बीज की कालाबाजारी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रशासन को कड़े निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पिछले दिनों खंड विकास अधिकारी राजेश यादव ने नगर के बाईपास स्थित राधाकृष्ण खाद भंडार की दुकान पर पहुंचकर निरीक्षण किया था।
एसओ राजवीर सिंह यादव ने बताया कि बीडीओ ने निरीक्षण के दौरान पाया कि दुकान पर निर्धारित से अधिक मूल्य पर खाद और डीएपी बेची जा रही थी। स्टाक से अधिक भंडार मौजूद मिला था। दुकान स्वामी अंकुर मिश्रा ने बीडीओ को स्टाक रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेख नहीं दिखाए थे। उन्होंने बताया कि बीडीओ ने इस स्थिति के चलते दुकान स्वामी के खिलाफ खाद और डीएपी की कालाबाजारी किए जाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है। इधर, बीडीओ की इस कार्रवाई से नगर और क्षेत्र के अन्य खाद-बीज विक्रेताओं में दिन भर खलबली मची रही।