वजीरगंज ब्लाक क्षेत्र के गांव बगरैन में किसान कंधई द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में डीएम शंभूनाथ ने मौके पर जाकर हकीकत जानी। वहीं अमर उजाला द्वारा उठाए गए कई तथ्यों पर डीआरडीए के परियोजना निदेशक और एसडीएम बिसौली से जांच कराई। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसमें लोहिया आवास का धन रोके रहने पर सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के आदेश हैं। वहीं संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। ब्लाक लोहिया आवास पटल प्रभारी के प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। बीडीओ का भी जवाब-तलब किया गया है।
वजीरगंज ब्लाक के गांव बगरैन निवासी किसान कंधई द्वारा पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का प्रकरण अमर उजाला ने 11 अप्रैल को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उसकी पत्नी के नाम लोहिया आवास स्वीकृत होने के बाद धन न मिलने और उसके लिए अपने मकान को गिराए जाने का मामला भी उठाया था। डीएम शंभूनाथ ने भी मौके पर जाकर हकीकत जानी थी। बताते हैं कि डीएम ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया और पीडी रामरक्षपाल सिंह यादव और बिसौली के एसडीएम गुलाबचंद से जांच कराई। जांच रिपोर्ट आने पर उनके निर्देश पर कार्रवाई की गई है।
इस प्रकरण में सिविल लाइंस सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार सक्सेना को दोषी पाया गया कि उन्होंने लोहिया आवास के लिए किसान की लाभार्थी पत्नी चंद्रकली के नाम से आया धन रोके रखा। इसमें ग्राम विकास अधिकारी सतीश कुमार मिश्र की लापरवाही पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। ब्लाक के पटल प्रभारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। बीडीओ राजकुमार का जवाब-तलब किया गया है। वहीं शाखा प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को उन्हें आदेश भी रिसीव करा दिया गया है। बीडीओ ने इस बात को स्वीकार किया है। कहा है कि जल्दी ही बगरैन चौकी पर रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी।