बारिश में गेहूं और आलू की फसल बर्बाद होने से सदमे में किसान की मौत हो गई। सूचना पर एसडीएम गुलाब चंद्र और तहसीलदार महेंद्र कुमार ने गांव पहुंच कर उसके परिवार वालों से बात की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह पुरानी बीमारी बताई गई है।
बिसौली तहसील क्षेत्र के गांव पैगा भीकमपुर निवासी ऋषिपाल (55) की सात बीघा में आलू और पांच बीघा में गेहूं की फसल थी। बारिश और ओलावृष्टि में काफी सफल बर्बाद हो गई थी। ऋषिपाल सोमवार सुबह खेत पर गए। बर्बाद फसल देखकर उनको सदमा लग गया। उनकी मौत हो गई। दोपहर तक जब वह घर नहीं पहुंचे, तो उनका बेटा रोहित खेत पर पहुंचा। यहां ऋषिपाल का शव पड़ा था। सूचना पर एसडीएम, तहसीलदार और थाना पुलिस गांव पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम में ऋषिपाल की मौत की वजह फेफड़ों की बीमारी बताई गई है। चिकित्सक के मुताबिक ऋषिपाल के फेफड़े खराब हो चुके थे। हालांकि परिवार वाले उनकी मौत की वजह फसल बर्बाद होने से हार्टअटैक बता रहे हैं। एसडीएम का कहना है कि मामले को दिखवाया जा रहा है। फसल नष्ट होने का मुआवजा मिलेगा। शासन स्तर से जो मदद अनुमन्य होगी, वो दिलाई जाएगी।