शराबी दूल्हे से लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में काफी विवाद हुआ। लड़की पक्ष के लोगों ने लड़का पक्ष के कई लोगों को बारातघर में बंद कर लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां दोनों पक्षों ने एक दूसरे को खर्चा दे दिया। बारात को बिना दुल्हन के ही बैरंग लौटना पड़ा।
दातागंज के गांव प्रसिद्धपुर के रहने वाला परिवार काफी समय से दिल्ली में रहता है। लड़की और लड़का पक्ष ने शादी दातागंज में ही करने का फैसला किया था। दोनों पक्ष दातागंज के एक बारातघर में आ गए। गुरुवार को बारात जब लड़की पक्ष के यहां पहुंची तो दूल्हा शराब के नशे में था। यह बात लड़की को पता लगी तो उसने शादी से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों ने पहले तो लड़की को काफी समझाया। जब वह नहीं मानी तो लड़की के परिवार वालों ने भी शादी से इंकार कर दिया। बारात कई घंटे एक बारात घर में बंद रही। पुलिस ने दोनों पक्षों में फैसला करा दिया। बाद में बारातियों को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।