कासगंज से लौटते वक्त डीआरएम निखिल पांडे ने बदायूं रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एटीवीएम मशीन, पानी, वेटिंग रूम, प्लेटफार्म, दफ्तर, टिकट और रिजर्वेशन काउंटर आदि को देखा। सफाई व्यवस्था, अच्छी कार्यशैली और ट्रेनों से संबंधित सही जानकारी देने पर स्टेशन अधीक्षक पारस चंद्र प्रवीन को एक हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया। उझानी में पानी ओवररेट मिलने पर वेंडर को चेतावनी भी दी।
शनिवार दोपहर दो बजे मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडे, सीनियर डीसीएम नीतू सिंह, सहायक मंडल इंजीनियर आशुतोष श्रीवास्तव आदि के साथ कासगंज, बितरोर्ड, उझानी स्टेशन का निरीक्षण कर बदायूं रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां पहुंचते ही टीम ने सबसे पहले एटीवीएम मशीन चेक की। इसके बाद पानी, वेटिंग रूम, प्लेटफार्म, दफ्तर, टिकट और रिजर्वेशन काउंटर और साफ-सफाई की व्यवस्था को परखा। थरमाकोल के ग्लास में चाय देने पर सभी ग्लास जब्त करते हुए वेंडर को चेतावनी जारी कर दी। स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में रजिस्टर चेक करने के दौरान गैंगमेन और ट्रैकमेन की जानकारी ली। डीआरएम निखिल पांडे ने बताया कि यह निरीक्षण साफ-सफाई और यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि उझानी में पानी ओवररेट मिलता मिला इस पर वेंडर को चेतावनी जारी की गई। रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देेते हुए यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान टीम के साथ स्टेशन अधीक्षक पारस चंद्र प्रवीन, ओपी मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह, दरोगा उदय राज आदि रहे।