जानकारी के मुताबिक- थाना क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी पूर्व प्रधान माजिद अली की बोलेरो पर पड़ोसी गांव रम्पुरा एनुउद्दीन निवासी आरामसिंह का 19 वर्षीय पुत्र राकेश यादव ड्राइवर है। 30 अगस्त को सुबह वह बोलेरो मालिक के पास पहुंचा तो उसे गुन्नौर तक बुकिंग छोड़ आने की कहकर भेज दिया गया। बुकिंग बिल्सी के वार्ड नंबर तीन का निवासी बताते हुए नेत्रपाल नामक युवक ने की थी। शाम और फिर अगले दिन तक राकेश मय बोलेरो नहीं लौटा तो मालिक समेत घरवालों को चिंता हुई। पिता ने राकेश के सेलफोन नंबर पर कॉल की तो नंबर स्विच ऑफ बोलने लगा।
पसोपेश के बीच राकेश के घरवालों ने बोलेरो मालिक माजिद से संपर्क साधा तो उन्होंने नेत्रपाल का सेलफोन नंबर बता दिया। कॉल करने पर वह भी स्विच ऑफ आया। बोलेरो मालिक समेत ड्राइवर के घरवालों ने उसी वक्त थाने पहुंचकर इंसपेक्टर रामलखन यादव से संपर्क साधा। कहीं पर भी बोलेरो और ड्राइवर का सुराग नहीं लगने पर पुलिस ने नेत्रपाल के खिलाफ बोलेरो समेत राकेश के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। इधर, अगवा राकेश के पिता ने पुलिस पर बरामदगी की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाने का आरोप लगाते हुए अफसरों से शिकायत की। बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है लेकिन सर्विलांस के जरिए बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश नहीं की जा रही है।
घरवालों ने जिलाध्यक्ष से लगाई गुहार
मुजरिया। बोलेरो समेत अगवा राकेश यादव के पिता के साथ बिल्सी क्षेत्र के कई प्रमुख व्यक्ति सपा जिलाध्यक्ष बनवारी सिंह यादव से मिले। श्री यादव को उन्होंने पुलिस की भूमिका से भी अवगत कराया। कहा कि पुलिस पहले दिन से सक्रिय हो जाती तो अब तक राकेश की बरामदगी के साथ बोलेरो भी मिल जाती। अगवा युवक के पिता को जिलाध्यक्ष ने पुलिस अफसरों से बात कर कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया है।