बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या गला दबाकर की गई थी। गला दबाने से पहले विवाहिता को लाठी-डंडों से पीटा गया। रविवार को पोस्टमार्टम में ससुरालियों की करतूत खुल गई। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं।
कुंवरगांव थाने के कसेर गांव के किशन ने अपनी बेटी की शादी करीब तीन साल पहले बिसौली के लक्ष्मीपुर निवासी गेंदन के पुत्र नवल से की थी। शनिवार को ससुराल में ज्योति का शव मिला था। मायके वालों ने पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा लिखाया था। रविवार को पुलिस ने ज्योति के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ज्योति की मौत की वजह गला दबाना बताई गई है। गला दबाने से पहले ज्योति को पीटा भी किया। शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
बिसौली। दहेज की मांग पूरी न होने पर ज्योति की हत्या करने के आरोपी उनके पति नवल, ससुर गेंदन, सास सुशीला और जेठ अरविंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। ज्योति के दो देवर आकाश और गौरव फरार हैं। यह दोनों नाबालिग हैं। मामले में जांच सीओ बिसौली राजवीर सिंह कर रहे हैं।