जिले में संस्थागत प्रसव की संख्या में भारी गिरावट
बीएसजीवाई में भी सूबे में पिछड़ गया बदायूं
डीएम शंभूनाथ शनिवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। डीएम ने कहा कि चुनाव की व्यस्तता खत्म होने के बाद अब अधिकारी विकास कार्यों को गति दे। डीएम ने बरेली-बदायूं हाईवे के फोरलेन काम में तेजी के निर्देश दिए। कहा कि हाईवे का लोकार्पण मुख्यमंत्री कर सकते हैं। लोहिया गांवों में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि लोहिया गांव संतुप्त होने चाहिए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लोहिया गांवों में 657 सोलर लाइट मिल गईं हैं। सोमवार से लाइट लगवाने का काम शुरू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री लोहिया गांवों का निरीक्षण कर सकते हैं।
डीएम ने श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया। परिषदीय विद्यालयों में बुधवार को दूध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा 606 पात्र कन्याओं को कन्या विद्याधन का शीघ्र वितरण कराएं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में डीएम ने पाया कि संस्थागत प्रसव की तादाद में लगातार गिरावट आ रही है। बाल स्वास्थ्य गारंटी योजना का भी सही ढंग से संचालन नहीं हो रहा। बदायूं की स्थिति लगातार बदतर होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को सुधार लाने ही हिदायत दी। बैठक में सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया, पीडी राम रक्षपाल यादव समेत सभी विभागों के संबंधित अफसर रहे।