थाना जरीफनगर क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय दलित किशोरी का शव उसके घर में पड़ा पाया गया। लड़की के पिता ने गांव के युवक पर दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बुधवार को पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। लड़की के पिता के अनुसार मंगलवार की सुबह उनकी बेटी मृत हालत में मिली। उसके गले में दम घोटने के निशान भी दिख रहे थे। उनका आरोप है कि गांव का ही नन्हें यादव ने मंगलवार रात को उनके घर में घुसकर उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सूचना मिलने पर घटनास्थल का मुआयना किया। कुछ अन्य लोगों से मामले को लेकर पूछताछ की गई। जरीफनगर के एसओ नरेश पाल सिंह यादव ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर हत्या और बलात्कार की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक स्थिति पता लग सकेगी।