बाइक पर सवार थे दो बदमाश, पुलिस को चकमा देकर भागे
मंगलवार दोपहर भारतीय स्टेट बैंक से 60 हजार रुपया निकाल कर घर की ओर जा रहे दंपति को बाइक सवार बदमाशों ने कछला चौराहे पर दबोच लिया। बदमाशों ने महिला के हाथ पर झपट्टा मारकर पॉलीथिन के बैग में रखे रुपये लूटने का प्रयास किया। बदमाश बैग छीनने में सफल रहे लेकिन रुपये सड़क पर गिर पड़े।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपरौल के मजरा जाटवनगला निवासी दुलार सिंह, पत्नी मंजू के साथ सुबह कछला स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचा। खाते से उसने 60 हजार रुपये निकाले। रुपये पॉलीथिन की थैली में रखकर उसने मंजू को पकड़ा थी। दोनों चौराहे पर पहुंचे तो पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों ने मंजू के हाथ से थैली खींचनी चाही। खींचतान में थैली फटते ही रुपये सड़क पर गिर पड़े। यह देख राहगीरों ने शोर मचाया तो थोड़ी दूर मौजूद चौकी इंचार्ज जयपाल सिंह भी दौड़ पड़े। उनके पहुंचने से पहले ही बदमाश बाइक स्टार्ट कर भाग गए।
रुपये बच जाने से खुश दुलार सिंह ने बताया कि बदमाशों से एक के पास तमंचा भी था। चौकी इंचार्ज ने दंपति से बात करने के बाद बदमाशों की तलाश में सहसवान रोड पर बाइक भी दौड़ाई लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। बदमाशों के बारे में चश्मदीद लोगों का कहना है कि दंपति के पीछे से बाइक बदमाश लगे थे। बदमाशों ने उन्हें बैंक गेट से वॉच करना शुरू कर दिया था। इससे चौराहे पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।