अचौरा में निर्माणाधीन धर्मस्थल को लेकर पुलिस की मुस्तैदी के बीच ही प्रशासन ने 145 (कुर्की) की कार्रवाई पूरी कराने के लिए प्रक्रिया भी तेज कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अचौरा में निर्माणाधीन धर्मस्थल के आसपास शनिवार को भी पुलिस का पहरा रहा। दरोगा प्रयागराज की मौजूदगी में पीएसी और पुलिस फोर्स ने हालात पर नजर रखी। बता दें कि पांच जून को अचौरा में धर्मस्थल को लेकर बवाल हो गया था। उसी दिन से पुलिस ने चौकसी बरकरार रखी है। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को पुलिस ने बाहरी लोगों के पहुंचने की आशंका पर पूरे गांव को छावनी के रूप में तब्दील कर दिया था।
स्थानीय स्तर से कोतवाली पुलिस ने विवादित स्थल पर मालिकाना हक का पता लगाने के लिए एसडीएम कोर्ट में पिछले दिनों 145 की रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट भेजने वाले दरोगा ओपी सिंह ने शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट में पेश कर हालात के बारे में अपना पक्ष रखा। अभी गांव के कुछेक लोगों के बयान होने बाकी हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो प्रशासन कुर्की की कार्रवाई जल्द ही पूरी करने के मूड में है।
बैनामा कराने की जुगत में जुटे कुछ लोग
उझानी। पुलिस ने निर्माणाधीन धर्मस्थल के बारे में उसके मालिक के नाम का पता लगा लिया है। भूमि पर स्कूल की परमीशन नहीं होने की बात भी साफ हो चुकी है। बताते हैं कि भूमि को धर्मस्थल के नाम कराने के लिए गत दिवस कुछ लोग उप निबंधक कार्यालय बदायूं के आसपास भी देखे गए। यह बात पड़ोसी गांव के लोगों को पता लगी तो उन्होंने अचौरा वालों को भी अवगत करा दिया।