जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो विवाहिताओं की जहर खाने से मौत हो गई। एक मामले में मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
थाना क्षेत्र नीमगांव के ग्राम मिर्जापुर निवासी मुनीष की कुमार की 29 वर्षीय पत्नी शिल्पी ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना दिए जाने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरी घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम गड़रुवा पुरवा की है। यहां अरविंद कुमार की 25 वर्षीय पत्नी मंजीता की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया शुक्रवार रात में उसकी मौत हो गई। मंजीता के ससुराल वालों ने बताया कि उसने जहर खा लिया था। मंजीता की मां चमेली ने पुलिस को तहरीर देकर दहेज के लिए उसकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।