ओरछी चौराहे के पास चंदौसी वार्डर पर हुई वारदात
सीमा विवाद निपटने के बाद आरोपियों को ले गई चंदौसी पुलिस
फैजगंज बेहटा और चंदौसी थाने के वार्डर पर स्थित ओरछी चौराहे के पास स्थित कोल्ड स्टोर पर किसानों का विवाद हो गया। हाथापाई के बाद कोल्ड स्टोर के पार्टनर में मारपीट हुई। किसानों ने पार्टनर पर फायरिंग का आरोप लगाया है। इससे भगदड़ मच गई। खबर मिलने पर फैजगंज बेहटा के साथ चंदौसी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पता लगा कि घटनास्थल चंदौसी कोतवाली की सीमा में है। इसके बाद चंदौसी पुलिस कोल्ड स्टोर स्वामी को अपने साथ ले गई।
इन दिनों कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण को लेकर मारामारी मची हुई है। आलू भंडारण करने के लिए कोल्ड स्टोरेज के वाहन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लाइनें लगी हुई हैं। ओरछी चौराहे के पास फैजगंज बेहटा और चंदौसी थाने के वार्डर पर स्थित बालाजी कोल्ड स्टोर के बाहर भी बुधवार को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लाइन लगी हुई थी। किसान कप्तान सिंह, मलखान, राधेश्याम, मुन्नालाल आदि का आरोप है कि कोल्ड स्टोर पार्टनर ने कोल्ड स्टोर के बाहर स्टॉक फुल का बोर्ड लगा दिया। जबकि स्टॉक फुल नहीं हुआ था। किसानों ने इसका विरोध किया। इस पर कोल्ड स्टोर के एक पार्टनर से किसानों की कहासुनी और हाथापाई हो गई। कोल्ड स्टोर स्टाफ की मनमानी से गुस्साए किसान भी हमलावर हो गए। किसानों का आरोप है कि कोल्ड स्टोर के पार्टनर ने रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। उसने चार राउंड गोलियां दागीं। इससे यहां भगदड़ मच गई। भगदड़ में मलखान सिंह नाम का किसान घायल भी हो गया। खबर मिलने पर फैजगंज बेहटा और ओरछी पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल चंदौसी कोतवाली की सीमा में होने की वजह से चंदौसी पुलिस कोल्ड स्टोर के पार्टनर को अपने साथ ले गई है।
कोल्ड स्टोर के बाहर फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। घटनास्थल चंदौसी कोतवाली का वार्डर है। बाद में पता लगा कि घटनास्थल चंदौसी कोतवाली की सीमा के अंतर्गत है। इस मामले में कार्रवाई चंदौसी पुलिस ही करेगी।
-कश्मीर सिंह, एसओ फैजगंज बेहटा