फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिनावर में दो पक्षों के बीच संघर्ष

Wed, 13 May 2015 11:47 PM IST
Binavar
विज्ञापन
विज्ञापन
मामूली विवाद को लेकर बुधवार दोपहर बिनावर कस्बे में दो पक्षों के लोग भिड़ गए। बात बड़ी तो दोनों ओर से सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए। थाने से चंद कदम की दूरी पर दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर चाकू, छुरा, लाठी-डंडे समेत तमाम हथियार लेकर दूसरे पक्ष पर चढ़ाई कर दी। करीब चार घंटे तक बवाल चलता रहा। बाद में एसडीएम प्रदीप यादव, एसपी सिटी अनिल यादव और सीओ सिटी आरएस धामा ने पीएसी के साथ मोर्चा संभाला। गुस्साए लोगों ने बिनावर थाना घेर लिया। इस दौरान एसअरो जमीरुलहसन थाना छोड़कर भाग गए। कुवरगांव, मूसाझाग और वजीरगंज से भी फोर्स को बुला लिया गया। इस दौरान बरेली-मथुरा हाईवे भी एक घंटे तक जाम रहा। पीएसी ने मोर्चा संभाला तो स्थिति काबू में आई।
विज्ञापन

बिनावर कस्बे में सुरेश गुप्ता की सर्राफ की दुकान है। बुधवार दोपहर 12 बजे कस्बे के ही आले हसन ने सुरेश गुप्ता की दुकान के सामने ठेला खड़ा कर दिया। सुरेश गुप्ता ने दुकान के सामने से ठेला हटाने को कहा। इस पर आले हसन बौखला गया। बाजार के लोग सुरेश गुप्ता के साथ आ गए। आले हसन ने फोन करके अपने पक्ष के सैकड़ों लोगों को बुला लिया। यह लोग चाकू, छुरा, लाठी और डंडे लेकर पहुंचे। यह बात व्यापारियों को भी नागवार गुजरी। कुछ ही देर में आले हसन पक्ष के लोगों ने बाजार में पथराव शुरू कर दिया।
बवाल होने पर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पथराव में अनुज (25) पुत्र सुरेश, रोहित (18) पुत्र रामकुमार समेत चार लोग घायल हो गए। थाने से चंद कदम की दूरी पर बवाल चलता रहा। पुलिस मौके पर दो घंटे के बाद पहुंची। सुरेश गुप्ता पक्ष के लोग रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गुस्साए लोगों ने थाना घेरकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे के बाद उच्च अधिकारियों के कहने पर सुरेश गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने अनाफ, इरफान, इमशीद, कल्लू, शमशाद, अरमान, मुजाहिद, नियाज अहमद के खिलाफ मारपीट, उपद्रव, बलवा करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
विज्ञापन


पुलिस हिरासत से भागा आरोपी
एसओ पर पक्षपात का आरोप
बिनावर। एसडीएम, एसपी सिटी और सीओ के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करने के बाद शाम को पुलिस ने अनाफ, शमशाद और अरमान को गिरफ्तार कर लिया। शमशाद मौका पाकर पुलिस हिरासत से भाग गया। इस बारे में व्यापारियों को पता लगा तो वह गुस्सा गए। शाम को एक बार फिर से कस्बे के व्यापारियों ने थाना घेर लिया। अधिकारियों के सामने सैकड़ों लोगों ने एसओ बिनावर जमीरुलहसन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उनको हटाने की मांग की।

बिनावर की फिजा
में घुल रहा जहर
पुलिस की लापरवाही से कस्बे का माहौल खराब हो गया है। बिनावर की फिजा में फिर से नफरत का जहर घुल गया है। थाने के गांव बिलहत, अहिरवारा, नदौलिया और सेमरमई में कई महीने से धर्म स्थल और नई परंपरा को लेकर दो पक्षों में तनाव बना हुआ था। कई बार दोनों पक्षों के लोगों में टकराव हुआ। पुलिस इसे नजरअंदाज करती रही। आखिर गांवों से उठी नफरत की चिंगारी कस्बे तक पहुंच गई और बुधवार को कस्बे में पांच घंटे तक बवाल होता रहा।
पिछले साल 22 मई को बिनावर कस्बे में दो पक्षों के बीच संघर्ष हुआ था। सितंबर में बिलहत गांव में धर्म स्थल को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हुआ था। बिलहत मामले के बाद पुलिस लगातार नरम रवैया अपनाती रही। इस दौरान बिलहत, अहिरवारा, नदौलिया और सेमरमई गांवों में तनाव बढ़ता गया। कई बार इन गांवों के लोग आमने-सामने आते रहे और पुलिस नजर अंदाज करती रही। पुलिस ही यही लापरवाही भारी पड़ गई। बुधवार को इन गांवों से उठी तनाव की चिंगारी कस्बे तक पहुंच गई और कस्बे की फिजा में तनाव की जहर घुल गया। गौर करने वाली बात यह है कि थाने से चंद कदम की दूरी पर दो पक्षों में संघर्ष होता रहा और पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

बंद हो गया बाजार
दो गुटों में पथराव के बाद बाजार में भगदड़ मच गई। पूरे कस्बे के बाजार बंद हो गए। पांच घंटे तक कस्बे में उपद्रव होता रहा। हाईवे पर जाम लगा रहा। लोग घरों की छतों पर चढ़ गए। वजीरगंज, कुंवरगांव, मूसाझाग थानों की पुलिस, पीएसी और उच्च अधिकारियों के पहुंचने के बाद स्थिति कुछ सामान्य होती नजर आई। हालांकि तनाव अब भी बना हुआ है।

स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। उपद्रव करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। खुराफातियों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। लोग पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा रहे थे। इसकी भी जांच कराई जाएगी। -प्रदीप यादव, एसडीएम सदर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें