नगर के मोहल्ला गौतमपुरी निवासी संतोष कुमार के घर में घुसे चोर नगदी और सेलफोन समेत जेवरात पर हाथ साफ कर निकल गए। गृहस्वामी की सूचना के बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया।
चोरी की घटना बृहस्पतिवार रात की है। गौतमपुरी निवासी संतोष कुमार घरवालों और रिश्तेदारों के साथ शादी समारोह में शामिल होकर शाम को ही घर लौटा था। तड़के जागे तो कमरे में रखी सेफ खुली मिला। सेफ से उसकी पत्नी की सोने की चेन, दो अंगूठी, पाजेब और कुंडल गायब थे।
चोर खूंटी पर टंगे रिश्तेदारों के कपड़ों की जेब से चार सेलफोन और 45 हजार रुपया भी निकाल ले गए। चोरी की भनक लगते ही आसपास के लोग भी संतोष के घर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का मौका मुआयना किया। गृहस्वामी ने बताया कि चोर छत से जीना के रास्ते अंदर घुसे थे। संतोष ने रिपोर्ट लिखाने को कोतवाली में तहरीर भी सौंप दी है।