बाइक पर सवार हमलावरों ने शनिवार को हाईवे पर पिता-पुत्र पर गोलियां बरसा दीं। इस घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई गई है। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बिसौली के गांव कुआंडांडा में रहने वाले 48 वर्षीय सुल्तान अपने 22 वर्षीय बेटे बबलू के साथ शनिवार को बिसौली आए थे। शाम को घर लौटते वक्त गांव का ही जुगेंद्र भी बाइक से उनके साथ था। आरोप है कि रास्ते में दो बाइक से पीछा कर रहे गांव के ही पुत्तन, रामतीरथ, भाय सिंह, पुष्पेंद्र और श्याम मोहन ने पिता-पुत्र को कस्बे के पास हाईवे पर घेर लिया। पहले डंडा मारकर दोनों को बाइक से गिरा दिया और फिर उन पर फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से सुल्तान की मौके पर मौत हो गई जबकि बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर मिलने पर सीओ अजय शर्मा और एसओ कश्मीर सिंह यादव मौके पर पहुंचे। गंभीर घायल बबलू को बरेली रेफर किया गया है। घटना की वजह करीब पांच महीने पहले सुल्तान का रामतीरथ और पुत्तन से हुआ झगड़ा बताया जा रहा है।
....
रंजिश में घटना हुई है। पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तीन आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
-संजय राय, एसपी देहात