बड़े भाई की ससुराल से घर लौटते वक्त बाइक सवार कासगंज के युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात्रि गश्त पर निकले पुलिस कर्मियों को बाइक समेत शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने बाइक के कागजों से मृतक का नाम और गांव का पता हासिल कर घरवालों को सूचना दी तो मां-बाप समेत रिश्तेदार रोते-बिलखते आ गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हादसा बरेली-मथुरा हाइवे पर कोतवाली क्षेत्र में करुआ पुल के नजदीक शुक्रवार रात में हुआ। तड़के करीब तीन बजे कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान सड़क बाइक समेत युवक का शव पड़ा देखा। शव को सीएचसी पर लाकर मृतक की जेब में तलाशी ली गई तो बाइक के कागजों पर बाइक का नंबर और नाम-पता मिल गया। मृतक कासगंज जिले में सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव नगला बदन निवासी सूरजपाल सोलंकी का 20 वर्षीय बेटा अमित सिंह निकला। कोतवाली पुलिस ने सुनगढ़ी थाने कॉल मृतक के घरवालों को भी हादसे से अवगत करा दिया।
सुबह में रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे घरवालों में भाई राकेश ने शव की शिनाख्त की औपचारिकता पूरी की। बताया कि उसके भाई दिलीप की ससुराल कोतवाली क्षेत्र में गांव संजरपुर निवासी प्रवेश कुमार के यहां है। अमित शुक्रवार को ही प्रवेश के घर आया था। हादसा लौटते में हुआ। पुलिस ने राकेश की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दरोगा सुनील कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
-----
बेटे का शव देख वृद्ध मां बदहवास
उझानी। सड़क हादसे में अमित की मौत की भनक लगते ही अस्पताल पहुंचे घरवालों में भाइयों की दशा भी बेहाल नजर आई। वृद्ध मां अपने लाडले के शव को देख गश खाकर गिर पड़ी। सुधबुध खो बैठी मृतक की मां को लोगों ने समझाने का प्रयास भी किया लेकिन बदहवास है। मृतक अमित अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था।