-कछला चौराहे पर दिनदहाड़े मंगलवार को हुई घटना
-बदमाश पहले भी दंपति से कर चुके हैं लूट की कोशिश
बीमार पति के इलाज के लिए भारतीय स्टेट बैंक से 20 हजार रुपये निकाल कर घर को लौट रही वृद्धा को बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। बदमाश उसका थैला छीन कर भाग गए, जिसमें बैंक से निकाले गए रुपये रखे थे। महिला ने शोर भी मचाया लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। दिनदहाड़े घटना से चौराहे पर हड़कंप मच गया।
यह घटना मंगलवार दोपहर कछला चौराहे पर हुई। कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी प्रेमपाल की 55 वर्षीय पत्नी ओमवती परिवार के एक बच्चे के साथ भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में पहुंची। बैंक से उन्होंने 20 हजार रुपये निकालकर थैले में रख लिए। वह पैदल ही चौराहे पर पहुंची, तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आ गए। उन्होंने बाइक वृद्धा के पास रोककर उनसे थैला छीन लिया। बदमाश रुपये लूट कर दूसरी तरफ भाग गए। वृद्धा ने शोर भी मचाया लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। बाद में वह परिचित लोगों के साथ चौकी पर पहुंची और चौकी इंचार्ज जयपाल सिंह को घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस कर्मी लूट की शिकार महिला को लेकर चौराहे पर पहुंचे। चौराहे पर मौजूद लोगों से दुकानदारों से घटना के बारे में तहकीकात करने के बाद पुलिस ने इलाके में बदमाशों की खोजबीन भी शुरू कर दी। ओमवती ने बताया कि उनके पति कई दिन से बीमार हैं। इलाज कराने के लिए उन्होंने अपने रिश्तेदार से खाते में 20 हजार रुपये डलवाए थे, वही रुपये मंगलवार को खाते से निकाले। बता दें कि इसी चौराहे पर पिछले सप्ताह बाइक सवार बदमाशों ने जाटवनगला गांव के दंपति से भी लूट की कोशिश की थी। इससे पहले सरौता के पास भी बदमाश देखे गए लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ने में नाकाम रही। वहीं, बेखौफ लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिए जाने से लोग दहशत में हैं। इससे कानून व्यवस्था का हाल समझ में आता है।