बिजी शेड्यूल से थोड़ा राहत मिलते ही कोतवाली पुलिस शहर के चर्चित रिटायर्ड इंजीनियर दंपति हत्याकांड के खुलासे में फिर जुटी है। घटना का खुलासा करने में एसटीएफ और लोकल पुलिस की भी चार टीमें लगी हुई हैं। अब तक की जांच में शक की सुई कुछ करीबियों पर आकर अटक रही है। शुक्रवार को दंपति के एक बेहद करीबी से कोतवाली में घंटों पूछताछ की गई। अफसर दावा कर रहे हैं कि कुछ क्लू मिले हैं। वर्क आउट जल्द होने की उम्मीद है।
शहर के मोहल्ला ब्राह्मपुर में आठ अप्रैल को रिटायर्ड इंजीनियर विजेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी सन्नो गुप्ता के शव घर की रसोई में मिले थे। दंपति के बड़े पुत्र शेखर गुप्ता की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। आईजी जोन विजय मीणा ने सनसनीखेज वारदात का खुलासा करने के लिए एसटीएफ के साथ लोकल पुलिस की चार टीमों को लगाया था। घटना को 16 दिन हो चुके हैं। अब तक पुलिस को जो सुराग मिले हैं, उनके हिसाब से शक की सुई करीबियों पर ही अटक रही है। अब एक बार फिर से पुलिस की जांच ने तेजी पकड़ ली है। शुक्रवार को एक करीबी से कोतवाली में सीओ सिटी आरएस धामा और कोतवाल एसएस बराच ने घंटों पूछताछ की।
जांच चल रही है। कुछ क्लू मिले हैं। पांचों टीमें अपनी-अपनी लाइन पर काम कर रही हैं। उम्मीद है कि डबल मर्डर का वर्क आउट जल्द हो जाएगा। -एसएस बराच, कोतवाल