अलापुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बरारा दियोरई के जंगल से शस्त्र बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस का दावा है कि शस्त्र बना रहे लोगों की जब घेराबंदी की गई तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी भागने में सफल हो गया। वर्क आउट करने वाली टीम को एसएसपी सौमित्र यादव ने पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया है।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मुखबिर ने पुलिस को खबर दी कि बरारा दियोरई के जंगल में शस्त्र बनाने की फैक्ट्री चल रही है। एसओ एपी सिंह यादव ने एसआई सौरभ यादव, एसआई हरपाल सिंह, कांस्टेबल आसिफ अली, रामाधार, दलीप, मुकेश मिश्रा के साथ मुखबिर के बताए स्थान पर छापामारी की। यहां से पुलिस ने गुधनी निवासी बृजपाल और करीमपुर निवासी सतीश को शस्त्र बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। उनका एक साथी चंद्रपाल भागने में सफल रहा। दोनों के पास से एक देशी बंदूक, दो रायफल, दो कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।