-कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया तो मिला आश्वासन
-आरोपी पक्ष के लोगों ने एसएसपी कार्यालय पर की मुकदमा वापसी की मांग
आंगनबाड़ी वर्कर के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा रहा हैं। नामजद मुकदमा दर्ज होने के तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके विरोध में बुधवार को वर्कर्स कलक्ट्रेट गेट पर धरना प्रदर्शन किया। वहीं, मारपीट के आरोपी के समर्थन में कई लोगों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मुकदमा वापसी की मांग की।
कस्बा ककराला के वार्ड-25 की रहने वाली आंगनबाड़ी वर्कर नाहीर परवीन की सोमवार को मोहल्ले के रहने वाले शहरयार खां और रहबर खां ने घर में घुसकर पिटाई कर दी थी। नाहीर परवीन का आरोप था कि आरोपी अपात्रों के नाम से गलत राशन कार्ड बनाए जाने का दबाव मना रहे थे। इस मामले में वर्कर की तहरीर पर अलापुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। वर्कर के साथ हुई घटना के बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलक्ट्रेट गेट पर वर्कर्स का धरना प्रदर्शन चल रहा है। इस बीच बुधवार को अचानक दूसरे पक्ष के समर्थन में कई लोग बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और वर्कर से मारपीट का आरोप झूठा बताकर मुकदमा वापसी की मांग की। वहीं तीसरे दिन भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर आंगनवाड़ी वर्कर्स का धरना प्रदर्शन जारी रखा। एडीएम प्रशासन और सीओ दातांगज ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया। किसान नेता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक कोई भी आंगनबाड़ी वर्कर राशन कार्ड बनाने का काम नहीं करेंगी। धरने में जुहेर आलम, नूर बानो, जरीना बेगम, कुसुम, सरिता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।