-बुधवार रात सिविल लाइंस क्षेत्र में सिलहरी के पास हादसा
-शादी समारोह के शामिल होकर कुंवरगांव से लौट रहे थे दोनों
शादी समारोह से लौट रहे पिता-पुत्र को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सिलहरी के पास अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में बेटे की मौत हो गई। बाद में पिता ने भी इलाज के दौरान बरेली के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा बुधवार रात हुआ। हादसे के बाद चालक मय वाहन के मौके से भागने में कामयाब हो गया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे में पिता-पुत्र की मौत से उनके गांव में भी माहौल गमगीन है।
बिल्सी थाने के गांव शहवाजपुर निवासी रामभजन (60) अपने बेटे कृष्णपाल (30) के साथ बुधवार को कुंवरगांव थाने के गांव इमलिया में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। समारोह में शामिल होने के बाद रात करीब 12 बजे दोनों लोग बाइक से बिल्सी लौट रहे थे। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद रोड पर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सिलहरी गांव के पास इनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में कृष्णपाल की मौके पर मौत हो गई। राजभजन गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने रामभजन को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने की वजह से उनको बरेली रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान रामभजन ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में पिता-पुत्र की मौत से गांव में भी माहौल गमगीन हो गया। रामभजन के तीन बेटों में कृष्णपाल सबसे छोटा था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रामभजन साधारण किसान थे। खेड़ा नवादा चौकी के सब इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह ने बतया कि अभी रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर नहीं दी मिली है। तहरीर आने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।