किशोरी से रेप के मुख्य आरोपी को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। यह कार्रवाई किशोरी के 161 और 164 के बयानों के आधार पर हुई है। बाकी दो आरोपी अभी पुलिस की हिरासत में हैं। एसपी सिटी अनिल यादव ने बताया कि किशोरी के बयानों में विरोधाभास जरूर है, लेकिन संतोष उर्फ शिवम का नाम वह लगातार ले रही है। शिवम पर ही बलात्कार करने का आरोप है।
आवास विकास की 14 साल की छात्रा का आरोप है कि वह 23 जून को सुबह नौ बजे कॉलोनी में ही एक दुकान पर गई थी। यहीं से शिवम और उसका एक दोस्त उसे बाइक पर बैठाकर नगला शर्की की ओर ईख के खेत में ले गएा। वहां शिवम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने पांचवें दिन मुकदमा दर्ज कराया। 28 जून को उसका मेडिकल हुआ, तो पुलिस महकमा हिल गया।
किशोरी के प्राइवेट पार्ट से प्लास्टिक का ढक्कन, माचिस का रैपर, पॉलीथिन, लकड़ी का टुकड़ा और कपड़ा निकला। किशोरी के शरीर या प्राइवेट पार्ट पर कोई इंजरी नहीं थी। यह देखकर डॉक्टर भी हैरान थे। बाद में किशोरी ने कहा कि घटना में तीन लोग शामिल थे। पुलिस ने तीसरे को भी हिरासत में ले लिया।
इस दौरान किशोरी के बयान बदलते रहे। मंगलवार को फॉरेसिक टीम जब घटनास्थल पहुंची तो किशोरी ने आरोपियों की संख्या आठ-दस बताई। एसपी सिटी अनिल यादव, सीओ सिटी आरएस धामा ने किशोरी का मेडिकल करने वाले डॉ. हाकिम सिंह के बयान लिए तो उनका कहना रहा कि किशोरी के प्राइवेट पार्ट में निकले सामान एक हफ्ते पुराने नहीं हैं। इनको कुछ घंटे पहले ही डाला गया है।
जब किशोरी की फुफेरी बहन ने मंगलवार को पहली मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल उठाए तो एसएसपी ने किशोरी का तीन डॉक्टरों के पैनल से दोबारा मेडिकल कराया था। इस पैनल ने भी पहली रिपोर्ट की पुष्टि की। किशोरी के 161 के बयान पहले ही दर्ज करा लिए गए थे। मजिस्ट्रेट के समक्ष 164 के बयान दर्ज कराए गए। इन्हीं बयानों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम उर्फ संतोष को जेल भेज दिया।
फॉरेंसिक जांच को भेजा सामान
बदायूं। किशोरी के प्राइवेट पार्ट से निकलने सामान को बुधवार के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला, लखनऊ भेज दिया है। एसएसपी सौमित्र यादव ने कहा है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
पीड़िता ने कई बार बयान बदले हैं। यह बात सही है, लेकिन एफआईआर, 161 और 164 के बयानों में शिवम उर्फ संतोष के नाम का मिलान हो रहा है। इस आधार पर मुख्य आरोपी शिवम उर्फ संतोष को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है। किशोरी ने जो दो आरोपी बाद में बताए थे। वह पुलिस की निगरानी में हैं।
-अनिल यादव, एसपी सिटी