तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। कार ड्राइव कर रहे उसके मालिककी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक भूपेंद्र सिंह चंडीगढ़ के रहने वाले थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
हादसा शनिवार रात बदायूं-मेरठ हाईवे पर अथइया पुलिया के पास हुआ। पुलिया के पास सड़क किनारे खेत में क्षतिग्रस्त कार और उसके पास शव पड़ा होने की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से शव की शिनाख्त चंडीगढ़ के गांव पीरा निवासी भूपेंद्र सिंह (40) पुत्र हरभजन सिंह के रूप में हुई। पुलिस को मृतक की जेब से एक डायरी भी मिली। इसमें सेलफोन का एक ऐसा नंबर मिल गया जो उसके घरवालों तक सूचना भेजने में सहायक बना।
पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र खुद कार चला रहे थे। वह कहां जा रहे थे, यह तो नहीं पता लेकिन घरवाले देर रात तक कोतवाली पहुंच जाएंगे तभी कुछ पता चल सकेगा। पुलिस ने हादसा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक की जेब से पुलिस को 47 हजार रुपये भी मिले हैं। कोतवाल रामसूरत यादव ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ। भूपेंद्र पुलिया के पास मोड़ पर शायद नियंत्रण खो बैठे इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई।