शहर के लालपुल इलाके में बाइक को पीछे से पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मोहम्मद नवी की मौत हो गई और गुड्डू घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मय वाहन के फरार हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे लालपुल तिराहे के पास हुआ। बरेली के थाना भमोरा अंतर्गत गांव सरदार नगर निवासी मोहम्मद नवी (35) पुत्र नब्बी और गुड्डू (29) पुत्र हीरालाल बहेड़ी स्थित स्पोर्ट स्टेडियम में बन रहे लॉन टेनिस कोर्ट बनाने के काम में लगे हुए थे। बुधवार को यह दोनों लोग शहर की ओर आ रहे थे। बाइक को गुड्डू चला रहे था।
रास्ते में लालपुल तिराहे के पास पीछे चल रहे मैक्स वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर घायल हो गए। इनको जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने मोहम्मद नवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मय वाहन के फरार हो गया। देर शाम सूचना पर मृतक के परिवार वाले भी यहां पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।