इस्लामनगर में एक युवक ने मां की गोली मारकर हत्या कर दी। मां का कसूर इतना था कि बेटे से बगैर पूछे बेटी की शादी उसकी मनमर्जी से कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी युवक घर से फरार हो गया। परिवार वालों ने पहले इस घटना को दबाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर सारा मामला खुल गया। पिता ने आरोपी बेटे के खिलाफ इस्लामनगर थाने में तहरीर दी है।
यह सनसनीखेज वारदात इस्लामनगर कस्बे में चंदौसी रोड स्थित नई बस्ती मोहल्ले में हुई। वहां रहने वाले हकीम और उनकी पत्नी नूरजहां (55) के तीन बेटे इकबाल, ताहिर और सोहिल दिल्ली में रहते हैं। एक माह पूर्व हकीम और नूरजहां ने बेटी सोनम का निकाह उसकी पसंद के लड़के से संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र में कर दिया। बेटे इस शादी के विरोध में थे, इसलिए उन्हें नहीं बताया।
दिल्ली से रविवार को तीनों भाई अपने घर लौटे। उन्होंने घर में बहन सोनम को न देखकर माता-पिता से पूछा। मां-बाप ने सोनम का निकाह कर देने की बात कही। कहा कि वह अपनी ससुराल में है। यह बात बेटों को नागवार लगी। इस पर इकबाल अधिक नाराज हुआ।
पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम करीब चार बजे परिवार के सभी लोग घर के आंगन में बैठे थे तभी निकाह को लेकर परिवार के सदस्यों में फिर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान इकबाल गुस्से में तमंचा निकाल लाया और उसने मां नूरजहां को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से नूरजहां की मौके पर ही मौत हो गई। मां की लाश देखकर इकबाल के हाथपांव फूल गए और घर से भाग गया।
इधर, घर में फायर और चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी पहुंच गए। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने पर परिवार वाले कार्रवाई से इंकार करने लगे, मगर पुलिस ने उनकी नहीं सुनी और नूरजहां का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इसके बाद पिता हकीम की ओर से इकबाल के खिलाफ तहरीर दे दी गई।