आढ़त पर छापा मारकर
पकड़ा 612 कट्टे चावल
आढ़ती मौके से हुआ फरार, रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
उसावां (बदायूं)। डीएम के आदेश पर एडीएम प्रशासन ने टीम के साथ एक आढ़त पर छापा मारकर एक ट्रक चावल बरामद किया। टीम को आढ़ती मौके पर नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह चावल राशन का है, लिहाजा एडीएम ने आढ़ती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
शुक्रवार को किसी ने डीएम को सूचना दी थी कि उसावां के एक आढ़ती के यहां राशन का चावल ट्रक से उतर रहा है। डीएम ने तत्काल ही एडीएम (प्रशासन) रामनिवास शर्मा को आढ़त पर छापा मारने के आदेश दिए। एडीएम प्रशासन तहसील के पूर्ति निरीक्षक संजय चौधरी आदि को लेकर आढ़त पर पहुंच गए। वहां देखा कि आधा चावल ट्रक में भरा है और आधा आढ़त पर है। मौके पर आढ़ती दिनेश गुप्ता नहीं मिला। पूर्ति निरीक्षक संजय चौधरी ने बताया कि कुल 612 कट्टों में चावल भरा हुआ है। यह कट्टे सरकारी थे। इतनी मात्रा में चावल कहां से आया इस बात की जांच चल रही है। अब तक की जांच में यह प्रतीत हो रहा है कि चावल राशन का हो सकता है। आढ़ती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। टीम ने आढ़त पर मिले चावल की जांच के लिए नमूने लेने के बाद सभी कट्टों को उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु निगम के गोदाम इंचार्ज सुरेश चौधरी की सुपुुदर्गी में दे दिया है। इसको लेकर एडीएम प्रशासन ने आढ़ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।