फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम धनियावली पाठकपुर में गुरुवार रात आई बारात पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। कुर्सियां तोड़ डाली और सारा सामान इधर-उधर फेंक दिया। इससे बारात में अफरा-तफरी मच गई, जिसमें एक बच्चा समेत तीन लोग घायल हो गए। पथराव करने की वजह आरोपियों को न्यौता नहीं देना बताया जा रहा है। दुल्हन के पिता ने 10 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
ग्राम धनियावली पाठकपुर निवासी अमरपाल यादव ने बेटी ममता का रिश्ता ग्राम बझेड़ा निवासी निर्दोश कुमार के साथ तय किया था। गुरुवार रात करीब आठ बजे उसकी गांव में बारात आई थी। रात 11 बजे तक बारात चढ़ी। उसके बाद सभी बाराती भोजन करने लगे। उस समय पंडाल में बारातियों के अलावा दुल्हन पक्ष के लोग और रिश्तेदार भी थे। तभी गांव के कुछ लोगों ने बरातियों पर हमला बोल दिया। उन्होंने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इससे पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। सभी बराती अपनी-अपनी थाली छोड़कर भाग खड़े हुए। इसकी जानकारी होते ही दुल्हन पक्ष के लोग भी आ गए। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट कर दी। इसके बावजूद आरोपी नहीं माने उन्होंने पंडाल में रखीं कुर्सियां तोड़ डालीं और बाकी सामान भी इधर-उधर फेंक दिया। उसी समय लड़की पक्ष ने थाना पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई परंतु तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। उसके बाद पुलिस ने ही स्वयं अपनी मौजूदगी में शादी की सभी रस्में पूरी कराईं। शुक्रवार सुबह दुल्हन को विदा भी कराया। इस संबंध में अमरपाल यादव ने 10 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। अमरपाल ने बताया कि उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर नहीं दी थी, जिससे आरोपी उनसे नाराज थे। इसी वजह से उन्होंने हमला बोल दिया। इस संबंध में शुक्रवार शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।