अनाथ बच्चों का उत्पीड़न तो होगी रिपोर्ट: एसएसपी
बाल कल्याण समिति की बैठक, एसएसपी ने दिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
बाल कल्याण समिति की बैठक में एसएसपी अशोक कुमार ने कहा कि बाल गृह में बच्चों की सुरक्षा जरूरी है। इसके लिए एक जून तक सभी बाल गृहों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इससे सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी रहेगी। अनाथ बच्चों को अपने बच्चों की तरह पालें, उनका उत्पीड़न न करें। अगर उत्पीड़न की शिकायत आई तो संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मंगलवार दोपहर पुलिस लाइन सभागार में बाल कल्याण समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में अनाथ बच्चों की सुरक्षा के संबंध में चर्चा हुई। बैठक में पहुंचे एसएसपी अशोक कुमार ने कहा कि पिछले दिनों शिशु बाल गृह से एक बालिका लापता हो गई थी। हालांकि बाद में मिल गई लेकिन इस मामले में कहीं न कहीं चूक हुई। जिसके परिणाम स्वरूप बालिका बाल गृह से निकल गई। ऐसी गलती दोबारा न हो, इसके लिए सभी बाल गृह संचालक एक जून तक अपने यहां सीसीटीवी कैमरे लगा लें। इस दौरान बैठक में एक और बालक के गायब होने का मामला सामने आया। हालांकि यह मामला काफी पुराना था। इस पर एसएसपी ने कहा कि आखिर क्या वजह है, जिसकी बजह से बच्चे निकलकर भाग रहे हैं। उन्होंने बाल संरक्षण अधिकारी से जानकारी मांगी। जिस पर बाल संरक्षण अधिकारी ने कहा कि वह बाल गृह में चेकिंग के लिए पहुंचते हैं उन्हें न तो बच्चों से बात करने दी जाती है और न ही वीडियो बनाने दिया जाता है। एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि अब ऐसा नहीं होगा। जो भी जांच में टांग अड़ाएगा या बच्चों का उत्पीड़न करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इसलिए बच्चों को अपने बच्चों की तरह पालें, उनसे प्यार करें। इस मौके पर एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ उझानी भूषण वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र, राम सक्सेना, गोपाल वार्ष्णेय और बालक कल्याण समिति के सदस्यों समेत सभी थानों से एसआई व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।