बदायूं। ब्राह्मपुर मोहल्ले के गुप्ता दंपती हत्याकांड के मामले में सीबीआई बड़े बेटे और दामाद का नारको टेस्ट करा सकती है। सूत्रों की माने तो इस संबंध में सीबीआई दिल्ली भी गई थी और दंपती के बेटे और दामाद से बात की। उसके बाद बदायूं आकर मामले की छानबीन की।
करीब ढाई साल से गुप्ता दंपती हत्याकांड की छानबीन कर रही सीबीआई अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। इसके लिए सीबीआई कई बार दंपती के घर को खंगाल चुकी है। उनके मोबाइल भी कब्जे में लेकर चेक कर चुकी है। अभी पिछले दिनों सीबीआई ब्राहमपुर मोहल्ला पहुंची थी। घर में छानबीन के दौरान सीबीआई दंपती का एक मोबाइल सील करके ले गई थी लेकिन वह मोबाइल खराब निकला, जिससे वह उस मोबाइल के माध्यम से कोई जानकारी हासिल नहीं कर सकी। सूत्रों की माने तो इससे पहले सीबीआई दंपती के बड़े बेटे शेखर के पास दिल्ली गई थी। वहीं दंपती के दामाद कुलवंत सिंह रहते हैं। दोनों के नारको टेस्ट कराने के संबंध में बातचीत हुई थी। फिलहाल किसी का टेस्ट नहीं हो सका। माना जा रहा है दोनों का नारकोटेस्ट नहीं हुआ तो पॉलीग्राफी टेस्ट जरूर कराया जाएगा। इसके लिए सीबीआई को उनकी अनुमति लेनी पड़ेगी।