बदायूं। जिला महिला अस्पताल की डॉक्टर के ड्यूटी से गायब होने का मामला उलझता जा रहा है। ड्यूटी में लापरवाही करने के आरोप में प्रभारी सीएमएस डॉ. हाकिम सिंह की ओर से दो डॉक्टर नाजिया व श्रद्धा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, डॉ नाजिया ने प्रभारी सीएमएस डॉ. हाकिम सिंह पर अफसरों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
रविवार रात बिनावर पुलिस दुष्कर्म पीड़ित बच्ची को लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंची तो वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। पीड़ित बच्ची करीब एक घंटे तक अस्पताल में पड़ी तड़पती रही तो मामला डीएम, एसएसपी और सीएमओ तक पहुंचा। रविवार रात डॉ. नाजिया की इमरजेंसी ड्यूटी लगाए जाने की बात कही गई थी। एसपी सिटी ने डॉ. नाजिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रभारी सीएमएस से कहा था। मगर सोमवार को यह मामला और उलझ गया। प्रभारी सीएमएस डॉ. हाकिम सिंह की तहरीर पर जिला महिला अस्पताल की डॉ. नाजिया और डॉ. श्रद्धा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की बात सामने आई। ड्यूटी चार्ट के मुताबिक रविवार शाम पांच बजे तक डॉ. नाजिया की इमरजेंसी ड्यूटी थी। इसके बाद डॉ. श्रद्धा की ड्यूटी लगाई गई थी।
उधर, सोमवार सुबह डॉ. नाजिया सीएमएस डॉ. रेखा रानी से मिलीं। उन्होंने प्रभारी सीएमएस डॉ. हाकिम सिंह पर अधिकारियों को गुमराह कर गलत सूचना देने का आरोप लगाया। डॉ. नाजिया का कहना था कि वह शाम पांच बजे तक अस्पताल में ड्यूटी पर रहीं। रात में डॉ. श्रद्धा की ड्यूटी थी। उन्हें बेवजह फंसाया जा रहा है।
----
मेरी पोस्टिंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिनावर में है। रविवार को जिला महिला अस्पताल में ड्यूटी की मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई। मेरे खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट प्रभारी सीएमएस डॉ. हाकिम सिंह ने किस आधार पर कराई इसकी जानकारी उनसे की जाएगी।
- डॉ. श्रद्धा गंगवार, सीएचसी, बिनवार
----------------------
डॉक्टर होने के नाते महिला डॉक्टरों की जिम्मेदारी होती है कि वह रात में इमरजेंसी में मौजूद रहें। ड्यूटी चार्ट में डॉ. नाजिया और डॉ. श्रद्धा गंगवार की ड्यूटी लगी थी। रात में अनुपस्थित होने पर इसकी लिखित शिकायत सीएमएस डॉ. रेखा रानी, सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा और कोतवाली पुलिस से की गई।
- डॉ. हाकिम सिंह, जिला अस्पताल