इस्लामनगर(बदायूं)। बदायूं-बहजोई हाईवे पर बेकाबू गति से दौड़ रहे ट्रक ने एक दस वर्षीय बालक को कुचल दिया। अस्पताल ले जाने पर बालक की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिवार वालों ने रविवार दोपहर बच्चे की लाश को सड़क पर रखकर करीब पांच घंटे हाईवे जाम रखा। परिवार वाले पांच लाख रुपये मुआवजा और ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सीओ के समझाने पर बमुश्किल लोग शांत हुए। उधर, इसी ट्रक की चपेट में आकर एक दूसरा बच्चा घायल हुआ, जिसका इलाज चल रहा है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के अल्लेपुर निवासी सतीश का दस वर्षीय बेटा लबीश अपनी रिश्तेदारी में मऊ गया था। उसके साथ गांव का ही राजकुमार भी गया था। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों बदायूं-बहजोई हाईवे अल्लेपुर गांव के पास अलीनगर चौराहे पर प्राइवेट बस से उतरने के बाद घर जाने को रोड पार जा रहे थे। तभी उधर से गुजरा एक ट्रक लबीश को कुचलता हुआ निकल गया। उसी ट्रक की चपेट मे आकर राजकुमार भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे परिवार वाले घायल लबीश को उठाकर मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे परिवार वाले लबीश का शव लेकर इस्लामनगर थाने गए और ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई मांग करने लगे। देखते ही देखते थाने में सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर देने को कहा। मगर लबीश के परिजन ट्रक ड्राइवर के साथ मालिक पर भी रिपोर्ट दर्ज करने बात कह रहे थे। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। बल्कि बच्चे का शव उठाकर अल्लेपुर गांव के पास अलीनगर चौराहे ले गए। जहां शव को बर्फ की सिल्ली पर रखकर बदायूं-बिजनौर हाईवे जाम कर दिया। कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। परिवार वाले ट्रक ड्राइवर और मालिक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। लोगों का आक्रोश देख इस्लामनगर के अलावा उघैती और बिल्सी थाने की पुलिस बुला ली गई। सूचना मिलने पर सीओ बिल्सी इस्लाम नासिर खान मौके पर जा पहुंचे। सीओ के समझाने पर परिवार वाले पांच लाख रुपये मुआवजा और ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सीओ ने फान पर ट्रक मालिक से बात की। मगर वह मुआवजा देने को तैयार नहीं हुए। कुछ समाजसेवियों ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन किसी बात को मानने को तैयार नहीं थे। सीओ ने रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ट्रक चालक व मालिक पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब शाम करीब पांच बजे लोग शांत हुए और जाम खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा। उधर, थानाध्यक्ष रामनरेश माथुर ने बताया की दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किसी के बहकावे में आकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। ट्रक चालक की तलाश जारी है।