अहम क्लू हाथ लगने से जागी जल्द वर्कआउट की उम्मीद
बैंक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के घर में लूट का मामला
तीसरे दिन फिर पहुंचे एसपी सिटी, एसओ ने क्लू पर चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)।
एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अनेकपाल शाक्य के घर में शनिवार रात लाखों रुपये की लूट के मामले में एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव मंगलवार को फिर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर अब तक प्रगति रिपोर्ट पर थानाध्यक्ष से चर्चा की। पुलिस के हाथ अहम क्लू लग गया है। उम्मीद है कि जल्द ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव दोपहर में पहुंचे। दो दिन में पुलिस की गिरफ्त में आए पांच-छह संदिग्ध युवकों से पूछताछ के बाद सामने आए तथ्यों को लेकर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने उन्हें अवगत कराया। घटना के वर्कआउट के लिए लगीं पुलिस की तीनों टीम के दरोगाओं ने भी प्रगति रिपोर्ट उन्हें बताई। सूत्रों की माने तो संदिग्धों से पूछताछ के दौरान एक युवक ने पुलिस को कुछ अहम जानकारियां दी हैं। उससे मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस घटना में शामिल बदमाशों तक पहुंचने की जुगत में जुट गई है।
पुलिस को भी लूटकांड में स्थानीय युवकों पर शक है। घटना के दौरान बदमाशों की बोलचाल का जो अंदाज ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक और उसके परिजनों ने महसूस किया, वह भी इसी ओर इशारा कर रहा है। यह बात अलग है कि बदमाशों में से कोई शातिर दिमाग हो। ऐसा इसलिए भी कि गृहस्वामी की लाइसेंसी बंदूक को लूटने की बजाय बदमाशों ने उस पर हाथ भी नहीं लगाया था। बता दें कि शनिवार रात बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक के घर में जमकर लूटपाट की थी। बदमाश संचालक के परिवार की दो महिलाओं से जेवरात भी उतरवा लिए थे।