दहगवां। थाना जरीफनगर के गांव उस्मानपुर में हाईवे के पास रविवार रात युवक की हत्या कर शव कंबल में लपेट कर जंगल में फेंक दिया गया। पहचान मिटाने को उसके चेहरे पर तेजाब भी डाला गया। काफी कोशिश के बाद भी पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर सकी। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर शव मिला उससे कुछ ही दूरी पर यूपी 100 का प्वाइंट भी है। जरीफनगर के गांव उस्मानपुर के ग्रामीण सोमवार दोपहर खेतों से लौट रहे थे तब उन्होंने देखा के बदायूं-मेरठ हाईवे से करीब 50 मीटर की दूरी पर युवक का शव पड़ा है। शव कंबल में लपेट कर फेंका गया था। गांव के लोगों ने इस बारे में सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर फोर्स के साथ एसआई रामदास मौके पर पहुंचे। मृतक की उम्र करीब 26 साल है। पुलिस ने गांव आस-पास के गांवों के लोगों को शिनाख्त के लिए बुलाया। काफी कोशिश के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाला था। शव बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव के लोगों की माने तो जिस स्थान पर शव मिला वहां से कुछ ही दूरी पर यूपी 100 का प्वाइंट है। शव रविवार रात में किसी समय फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले में पड़ताल कर रही है।
--
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। मामले में जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
-एसपी सिंह, एसपी देहात