उझानी (बदायूं)। शराब कंपनी से जुड़े युवक की रहस्यमय हालात में मौत के बाद रविवार दोपहर में उसकी प्रेमिका ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बेहोशी की हालत में वह सड़क किनारे पड़ी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है। बिल्सी कसबे के एक व्यक्ति की 35 वर्षीय पत्नी और शराब कंपनी से जुड़े एक युवक के बीच काफी पहले से संबंध थे। तीन दिन पहले दोनों के परिवार में कलह का माहौल बना तो युवक ने आत्महत्या कर ली। यह बात उसकी प्रेमिका को पता लगी तो वह कादरचौक में अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। बताते हैं कि मृतक के परिजनों ने युवती से भला-बुरा कहा। इसके बाद युवती रविवार दोपहर में एक गांव के शराब के ठेके पर पहुंची और सेल्समैन से अपने प्रेमी के सामान के बारे में बातचीत की। बाद में उसने थोड़ा आगे चलकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। करीब आधा घंटे बाद वह बेहोश होकर सड़क किनारे गिर गई। उसे बेहोशी की हालत में पड़ा देख गांव के लोगों ने पुलिस को मौके पर बुला लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उसे नाजुक हालत में लाया गया। डॉ. महेश प्रताप सिंह ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जिस महिला ने विषाक्त पदार्थ खाया है, उसका कादरचौक क्षेत्र के युवक से प्रेम प्रसंग था। युवक की तीन दिन पहले ही मौत भी हो चुकी है। महिला के परिजनों को भी अवगत करा दिया गया है।
- विनोद कुमार, कोतवाल