शहर में सक्रिय चोर गिरोह ने शनिवार की रात मोहल्ला साहूकारा में व्यापारी के घर में हाथ साफ कर दिया। यहां से चोर 25 लाख रुपये की नगदी, 15 लाख रुपये के जेवर समेट कर ले गए। व्यापारी अपने परिवार के साथ दिल्ली गया हुआ था। घटना की खबर मिलने पर वह लौटा। एसपी सिटी अनिल यादव ने मौका मुआयना कर कोतवाली पुलिस को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। चोरी की घटना से इलाके के लोग दहशत में हैं।
मोहल्ला साहूकारा निवासी श्रीकांत रस्तोगी का शहर के खैराती चौक इलाके में जनरल स्टोर है। शनिवार को वह अपने परिवार के साथ दिल्ली स्थित अपनी एक रिश्तेदारी में गए थे। घर बंद था। शनिवार रात ताले तोड़कर चोर इनके घर में घुस गए। घर के भीतर एक-एक कार तीन कमरों के ताले तोड़े। सेफ भी खंगाल ली। घर में व्यापार रखी 25 लाख रुपये की नगदी और 15 लाख रुपये के जेवर चोरों यहां से ले गए।
सुबह होने पर मोहल्ले के लोगों ने श्रीकांत का घर खुला देखा तो फोन पर उनको जानकारी दी। दोपहर बाद श्रीकांत दिल्ली से बदायूं पहुंच गए। खबर मिलने पर एसपी सिटी अनिल यादव ने प्रभारी कोतवाल भोलू सिंह भाटी के साथ मौका मुआयना किया। चोरों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया उससे साफ है कि चोरों को पूरी जानकारी थी कि घर में माल कहां-कहां रखा हुआ है। पुलिस सुरागरसी में लगी है। व्यापारी श्रीकांत रस्तोगी का कहना है कि चोर उनकी जीवन भर की पूंजी ले गए।
सिलसिलेवार चोरियां, सकर्तता बरतें
बदायूं। शहर में सिलसिलेवार चोरियां हो रही हैं। सिविल लाइंस और कोतवाली इलाके में औसतन रोज चोरी की एक घटना हो रही है। व्यापारी के घर 40 लाख की चोरी की घटना ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। गौर करने वाली बात यह है कि चोरी की ज्यादातर घटनाएं बंद घरों में ही हो रही हैं। ऐसे में जनता को भी चाहिए की सावधानी बरतें। अगर कोई कहीं रिश्तेदारी में घर बंद करके जा रहा है तो अपने पड़ोसियों से नजर रखने के लिए कह सकता है। इसके अलावा अपने क्षेत्र की पुलिस चौकी पर भी इस बारे में सूचना दे सकता है।