भाई को मारने के लिए चलाई गई गोली बहन ने अपने सीने पर ले ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवारवालों में कोहराम मच गया। आरोपी भीड़ बढ़ती देखकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने की कोशिश् की मगर परिवार और गांववालों ने शव को नहीं उठने दिया। उनका कहना था कि जब तक पुलिस के आला अफसर नहीं आ जाते तब तक लाश पोस्टमार्टम को नहीं ले जाने देंगे। बाद में एसपी सिटी मौके पर पहुंचे, तब शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। किशोरी के भाई ने आरोपी दो भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।
हत्या की यह वारदात हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा जयकरन में हुई। पुलिस के मुताबिक गांव निवासी हरवीर पुत्र गिरधारी पाली की मदन पुत्र नेक्सू से पुरानी रंजिश चल रही है। गुरुवार शाम करीब चार बजे उसी रंजिश के चलते मदन और हरवीर के विवाद हो गया। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। उसी दौरान मदन अपने घर से तमंचा ले आया और उसने हरवीर पर गोली चला दी। इस दौरान हरवीर की 16 वर्षीय बहन अनारकली वहीं खड़ी थी। जैसे ही मदन ने उसके भाई पर तमंचे से गोली चलाई कि अनारकली भाग कर अपने भाई के आगे आ गई। गोली उसके सीने पर लगी। उसका भाई हरवीर तो बच गया, लेकिन अनारकली की मौके पर ही मौत हो गई। इसके गांव में अफरातफरी मच गई। हरवीर के बाकी परिवार वाले दौड़कर मौके पर पहुंच गए। इससे पहले आरोपी मदन वहां से फरार हो गया। हत्या की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। उसी समय किसी ने तुरंत थाना पुलिस को दी। जिस पर हजरतपुर एसओ राकेश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन मृतका के परिजनों और गांव के कुछ लोगों ने लाश को उठने नहीं दिया। परिवारवाले बोले, आरोपी दबंग प्रवृति का है। कई बार उनके परिवार के साथ मारपीट कर चुका है। हर बार उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी। परंतु पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। परिणाम स्वरूप उसने किशोरी की हत्या कर दी। जब तक पुलिस अधिकारी नहीं आ जाते तब तक लाश को नहीं ले जाने देंगे। शाम करीब साढ़े सात बजे एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज सकी। अनारकली के भाई हरवीर ने इस मामले में आरोपी मदन और उसके भाई राजीव के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। वहीं पुलिस आरोपियों को तलाशने में जुटी है।
कुछ दिन पहले जमानत पर छूटा था हत्यारोपी
दातागंज। जिस हत्यारोपी ने किशोरी के सीने पर गोली मारी, वह काफी समय से गांववालों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। किशोरी के परिवारवालों से ही कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। एक मामले में कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर छूटकर आया था। तभी से बार-बार परिवार वालों के साथ गालीगलौज कर चुका था। गुरुवार शाम उसने फिर से गालीगलौज शुरू कर दी थी। हरवीर ने इसका विरोध किया तो वह तमंचा ले आया और उसने गोली चला दी।
कोड़ा जयकरन गांव में किशोरी की गोली मारकर हत्या हुई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसके परिवार वालों ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बाकी इस घटना में कौन-कौन शामिल है। यह जांच का विषय है।
जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी