तीन नकाबपोश बुजुर्ग को लूटकर फरार, मेडिकल दुकान से चोरी
बरनाला। बाजाखाना रोड पर ड्रेन के नजदीक रेहड़ी पर सामान बेचने जा रहे बुजुर्ग को तीन नकाबपोश बाइक सवारों ने मारपीट की और चार हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित बुजुर्ग दर्शन सिंह निवासी बरनाला ने बताया कि वह रेहड़ी पर अपने गुजारे के लिए सामान बेचने जाता है, लेकिन जब वह बुधवार को शाम करीब 6 बजे ड्रेन के नजदीक अन्य बस्ती में सामान बेचने जा रहा था, तो बरनाला की तरफ से आ रहे तीन नाकाबपोश बाइक सवारों ने उसे घेरकर पीटा व नकदी लूटकर ले गए। पीड़ित दर्शन सिंह ने बताया कि उसकी जेब सारी नकदी, मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी कागजात थे, जो छीनकर ले गए। उसने बताया कि उसके द्वारा थाना सिटी बस स्टैंड में मामले की शिकायत दर्ज करा दी है। इसी प्रकार स्थानीय बस स्टैंड के सामने मेडिकल की दुकान पर अज्ञात व्यक्तियों ने गले में पड़ी नकदी को चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह कुछ समय के लिए शौचालय गया था, तो दुकान पर कोई नहीं था। इस दौरान उसके गले में पड़ी नकदी चोरी हो गई। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा उक्त घटना की जानकारी थाना सिटी 1 की चौकी बस स्टैंड में दर्ज करवा दी है। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज एएसआई चरणजीत सिंह ने कहा कि उनके द्वारा सीसीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे हैं।