सहसवान। हरियाणा ब्रांड की शराब से भरी दो लग्जरी गाड़ियां जरीफनगर थाना पुलिस ने पकड़ लीं। हालांकि, पुलिस को देखकर तस्कर भाग निकले। दोनों गाड़ियां दिल्ली नंबर की हैं। इनसे 34 पेटी शराब बरामद हुई है। पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। गाड़ियां किसकी हैं, यह भी ट्रेस किया जा रह है।
जरीफनगर थाने की नाधा चौकी पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आती दो कारें दिखीं। पुलिस को देखते ही कारों में सवार लोग उतर कर भाग गए। पुलिस ने इनका पीछा भी किया। दोनों कारों की तलाशी ली तो इनमें हरियाणा ब्रांड की 34 पेटी शराब बरामद हुई। दोनों गाड़ियों पर दिल्ली के नंबर हैं। सूत्रों की मानें तो जरीफनगर में लंबे समय से हरियाणा, दिल्ली और पंजाब की शराब की बिक्री का धंधा चल रहा है। पुलिस को लंबे समय के बाद यह सफलता मिली है। कई इलाकों में तो खुलेआम दूसरे प्रांतों की शराब बेची जाती है। पुलिस दावा कर रही है कि तस्करों की जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि शराब के तस्करों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिन गाड़ियों में शराब मिली है, यह किसकी हैं। इसकी भी जांच की जा रही है।