उसहैत के अटैना घाट से खनन कर लाया जा रहा था बालू
उसहैत में बड़े पैमाने पर चल रहा बालू का अवैध खनन
उसहैत थाना क्षेत्र में अटैना घाट पर हो रहे बड़े पैमाने पर बालू के अवैध खनन का सोमवार को पर्दाफाश हो गया। अलापुर थाने की ककराला चौकी पुलिस ने अवैध खनन कर ले जाए जा रहे बालू से भरे 28 डनलप पकड़े। इन सभी में अटैना घाट से अवैध खनन कर बालू भरा गया था। सोमवार को ककराला चौकी इंचार्ज राजीव राठी को सूचना मिली कि उसहैत की ओर से अवैध खनन कर बालू भरकर बड़े संख्या में डनलप अलापुर की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दी। इस दौरान अवैध खनन कर बालू ले जा रहे 28 डनलप को पुलिस ने पकड़ लिया। डनलप ले जा रहे लोगों ने पूछताछ में बताया कि वह यह बालू उसहैत के अटैना घाट से ला रहे थे। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। अवैध खनन कर ले जाए जा रहे बालू से भरे डनलप भी जब्त कर लिए गए हैं।
उसहैत पुलिस पर उठने लगे सवाल
बदायूं। उहसैत के अटैना घाट से बदायूं के साथ फर्रुखाबाद की भी सीमा लगती है। लोगों का कहना है कि दोनों जिलों के माफिया यहां गंगा तट पर पुलिस की सांठगांठ से अवैध खनन करते हैं। खनन माफिया ने डनलप का इस्तेमाल कर नया तरीका अपना दिया है। गौर करने वाली बात यह है कि शासन की सख्ती के बाद भी हो रहे अवैध खनन को उसहैत पुलिस का संरक्षण हासिल है।
अवैध खनन पर नहीं लग रही सख्ती से रोक
बदायूं। पुलिस और प्रशासन भले ही कोई दावे कर रहे हों, लेकिन जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उसहैत का मामला सामने आने के बाद साफ हो गया है कि पुलिस भी खनन के गोरखधंधे में शामिल है। गौर करने वाली बात यह है कि उसहैत से लेकर ककराला तक बालू भरे 28 डनलप आ गए और उसहैत पुलिस को खबर तक नहीं लगी। अगर अलापुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई न की होती तो यह डनलप यहां से आसानी से निकल जाते।