बदायूं। बदायूं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को धमकाकर जुर्माना लगाने वाले टीटीई महेंद्र सिंह पर आखिरकार गाज गिर ही गई। टीटीई को सस्पेंड कर दिया गया है। इसकी जांच बरेेली के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक कर रहे हैं।
यह मामला तब उजागर हुआ था जब हाथरस जिले के मुड़सान निवासी एक परिवार मथुरा जाने के लिए बदायूं रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था। उस परिवार के दो सदस्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बीड़ी पी रहे थे, तभी अचानक उनके पास टीटीई महेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने दोनों यात्रियों को पकड़ लिया और उन्हें बताया कि अब उनकी पांच-पांच सौ रुपये के जुर्माने की रसीद कटेगी। यात्रियों ने पांच-पांच सौ रुपये देने से मना किया, तो टीटीई दोनों को धकियाते हुए कमरे में ले गया और वहां ले जाकर जुर्माना लगा दिया। टीटीई की करतूत का एक यात्री ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। यह मामला तूल पकड़ने के साथ-साथ डीआरएम तक पहुंच गया, जिस पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षण सतेंद्र सिंह रेलवे स्टेशन पहुंचे और उन्होंने स्टाफ के कर्मचारियों समेत कई लोगों से पूछताछ की। मामले की छानबीन के बाद प्रथम दृष्टया टीटीई को दोषी मानते हुए शनिवार देर रात निलंबित कर दिया गया है।
अभी इस मामले की जांच चल रही है। फिलहाल टीटीई को सस्पेंड कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।
राजेंद्र कुमार, पीआरओ, डीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे